Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु एचपीवी टीकाकरण जागरूकता बैठक हुआ आयोजित

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 19/05/2026 01:43:16 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 19/05/2026 01:43:16 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी 19 मई उपायुक्त राहुल नरवाल के निर्देशानुसार स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, हिसार चुंगी हांसी में एचपीवी टीकाकरण जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया।

विस्तार

हरियाणा: हांसी 19 मई उपायुक्त राहुल नरवाल के निर्देशानुसार स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, हिसार चुंगी हांसी में एचपीवी टीकाकरण जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाना रहा। कार्यक्रम में हांसी प्रथम ब्लॉक के विज्ञान अध्यापकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बैठक के दौरान किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण तथा भविष्य में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने एचपीवी वैक्सीन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह टीका किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर सहित कई गंभीर संक्रमणों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में सीएमजीजीए प्रतीक्षा सांगवान, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार, स्कूल प्रिंसिपल राजेश कुमार तथा प्रिंसिपल पूर्णिमा गुप्ता सहित अनेक अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। नागरिक अस्पताल हांसी की ओर से स्वास्थ्य विशेषज्ञ जीत राम ने एचपीवी वैक्सीन से संबंधित विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 14 से 15 वर्ष की आयु में यह टीकाकरण सबसे अधिक प्रभावी माना जाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों के बेहतर भविष्य और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए टीकाकरण अवश्य करवाएं।

वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का मुख्य उद्देश्य बच्चों और किशोरियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन प्रदान करना है। अध्यापकों से आह्वान किया गया कि वे विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों और अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक किशोरियां इस अभियान का लाभ उठा सकें। बैठक के अंत में उपस्थित शिक्षकों ने एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का समापन किशोरियों के स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भविष्य के संकल्प के साथ किया गया।