Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई आयोजित

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 15/06/2026 12:09:29 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 15/06/2026 12:09:29 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: बरवाला में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के तहत 51-बरवाला विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम अश्वीर नैन की अध्यक्षता में शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

विस्तार

हरियाणा: बरवाला में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के तहत 51-बरवाला विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम अश्वीर नैन की अध्यक्षता में शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था। बैठक में डीआरओ श्याम लाल, निर्वाचन पंजीयन कार्यालय से ऊषा, भूपेंद्र, रोहताश, सोहन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान एसडीएम अश्वीर नैन ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है, वहां मतदाताओं की सुविधा के लिए नए मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके तहत बरवाला विधानसभा क्षेत्र में 25 तथा उकलाना विधानसभा क्षेत्र में 27 नए मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। एसडीएम ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के अनुसार 5 जून से 14 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण एवं मुद्रण कार्य किया जाएगा, जबकि 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी 14 जुलाई तक पूरा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 18 सितंबर 2026 तक उनका निपटारा किया जाएगा। अश्वीर नैन ने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के लिए सभी राजनीतिक दलों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने तथा मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाने का कार्य करेंगे। बैठक में मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अभियान के सफल संचालन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।