Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: इतिहास रचते हुए नई उड़ानों की हुई शुरुआत, 170 किसान पहली फ्लाइट में हुए रवाना

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Yogendra Kumar , Date: 15/06/2026 12:51:47 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Yogendra Kumar ,
  • Date:
  • 15/06/2026 12:51:47 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज विधिवत उड़ान संचालन की शुरुआत हो गई है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज विधिवत उड़ान संचालन की शुरुआत हो गई है। सुबह 8:05 बजे लखनऊ से पहली फ्लाइट जेवर एयरपोर्ट पहुंची, जिसके बाद एयरपोर्ट से पहली उड़ान लखनऊ के लिए रवाना की गई। इस ऐतिहासिक अवसर पर 28 महिलाओं सहित कुल 170 किसानों को पहली उड़ान में शामिल किया गया। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ लखनऊ रवाना हुए। वहां किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त करेंगे। किसानों का कहना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास और देश-दुनिया से जुड़ने का नया द्वार साबित होगा, जिससे क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।

विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। वर्षों तक खेतों में मेहनत करने वाले किसान आज पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव ले रहे हैं, जो बदलते भारत और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर को दर्शाता है। हालांकि इस उत्साहपूर्ण माहौल के बीच कुछ किसानों ने अपनी लंबित मांगों को भी उठाया है। किसानों का कहना है कि एयरपोर्ट परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि का उचित मुआवजा, स्थानीय युवाओं को रोजगार और पुनर्वास कॉलोनियों में बेहतर सुविधाएं अभी पूरी तरह सुनिश्चित नहीं हो पाई हैं। किसानों ने कहा कि वे मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान इन मुद्दों को भी उठाएंगे। विधायक धीरेंद्र सिंह ने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों से जुड़े सभी मुद्दों के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत को क्षेत्र के विकास, निवेश, रोजगार और वैश्विक कनेक्टिविटी के एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है।