Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: साइबर ठगी से पीड़ितों को मिली राहत, मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल से होगी धन वापसी

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 16/07/2026 10:23:32 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 16/07/2026 10:23:32 am
Share:

विस्तार

हरियाणा: साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच हिसार पुलिस ने आमजन को बड़ी राहत देने वाली पहल की जानकारी साझा की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धान्त जैन ने बताया कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के पीड़ितों की ठगी गई राशि वापस दिलाने के लिए भारत सरकार के "मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल के माध्यम से धन वापसी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो उसे बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करना चाहिए या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत दर्ज होने से ठगी गई रकम वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

एसपी सिद्धान्त जैन ने बताया कि मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके तहत शिकायत मिलते ही संबंधित बैंक, वित्तीय संस्थान और जांच एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्रवाई शुरू करती हैं। यदि ठगी की रकम अभी भी संदिग्ध खाते में मौजूद है तो उसे तुरंत फ्रीज करने का प्रयास किया जाता है, जिससे नियमानुसार पीड़ित को धन वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा सके। उन्होंने बताया कि आजकल साइबर अपराधी फर्जी निवेश योजनाओं, ऑनलाइन ट्रेडिंग, पार्ट-टाइम जॉब के झांसे, केवाईसी अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर कॉल करने, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग तथा डिजिटल अरेस्ट जैसी नई-नई तरकीबों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे मामलों में कुछ मिनटों की देरी भी पीड़ित के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है, इसलिए तुरंत शिकायत करना बेहद जरूरी है।

एसपी ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, बिना सत्यापन के ऑनलाइन भुगतान करने या किसी के दबाव और लालच में आकर पैसे ट्रांसफर करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति खुद को सरकारी अधिकारी, बैंक कर्मचारी या किसी संस्था का प्रतिनिधि बताकर धन की मांग करता है, तो पहले उसकी पूरी तरह पुष्टि करें। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस का साइबर थाना और साइबर हेल्प डेस्क लगातार साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों की सहायता के लिए कार्य कर रहे हैं। नागरिकों की जागरूकता और समय पर शिकायत ही साइबर अपराधियों के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें, राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें और लेन-देन से जुड़े सभी स्क्रीनशॉट व दस्तावेज सुरक्षित रखें, ताकि धन वापसी की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा सके।


Featured News