-
☰
हरियाणा: मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर एसडीएम ने किया बूथों का औचक निरीक्षण
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को प्रभावी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से सोमवार को तोशाम विधानसभा क्षेत्र के पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम संदीप कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम संदीप कुमार ने रिवासा, बाजीना, दिनोद और लोहानी गांवों के बूथों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की और बीएलओ को घर-घर जाकर सत्यापन कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। एसडीएम ने बताया कि तोशाम विधानसभा क्षेत्र में कुल 233 बूथ लेवल अधिकारी कार्यरत हैं, जो डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। बीएलओ भरे गए प्रपत्रों को तत्काल ऑनलाइन अपलोड करने के साथ-साथ मतदाताओं को आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध करा रहे हैं। इससे पुनरीक्षण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में केवल बीएलओ ही नहीं, बल्कि स्कूलों के मुख्य अध्यापक, चौकीदार, नंबरदार, सरपंच, पंच, पटवारी, ग्राम सचिव और अन्य जनप्रतिनिधि भी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। सभी के सामूहिक प्रयास से मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने का लक्ष्य रखा गया है। एसडीएम संदीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय पर लक्ष्य पूरा करें। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए इसकी शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ से मतदाताओं को जागरूक करने और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने के लिए भी कहा। प्रशासन का लक्ष्य है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जाए।
राजस्थान: राजसमंद झील पर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, हरिकृपा एकलव्य आश्रम ने किया वृक्षारोपण
उत्तर प्रदेश: डेढ़ माह पुरानी चेन व मंगलसूत्र लूट का हुआ खुलासा, दो आरोपी हुए गिरफ्तार
पंजाब: अवैध हथियार और विस्फोटक तस्करी मॉड्यूल का हुआ भंडाफोड़, 3 आरोपी हुए गिरफ्तार
मध्य प्रदेश: तेज रफ्तार और मॉडिफाइड बुलेट पर पुलिस का शिकंजा, मनचलों के खिलाफ चला विशेष अभियान
राजस्थान: नवनियुक्त थानाधिकारी रमेश मीणा का सर्व समाज ने किया भव्य स्वागत