Contact for Advertisement 9919916171


झारखण्ड: राशन वितरण व्यवस्था पर जेकेएम ने उठाए सवाल, झारखंड खाद्य निगम गोदाम की निष्पक्ष जांच की मांग

- Photo by : social media

झारखण्ड  Published by: Arun Kumar Ravi , Date: 13/07/2026 10:34:36 am Share:
  • झारखण्ड
  • Published by: Arun Kumar Ravi ,
  • Date:
  • 13/07/2026 10:34:36 am
Share:

विस्तार

झारखण्ड: झारखंड क्रांतिकारी मोर्चा (जेकेएम) ने पलामू जिले में राशन वितरण व्यवस्था और झारखंड खाद्य निगम (एसएफसी) के गोदामों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि यदि राशन वितरण में अनियमितताओं के मामलों में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जेकेएम के अध्यक्ष ने जारी बयान में बताया कि उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्ष धीरज चन्द्रवंशी के साथ बैरिया स्थित झारखंड खाद्य निगम के गोदाम का निरीक्षण किया। उनके अनुसार, निरीक्षण के दौरान गोदाम में एजीएम सहित कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था, जिससे राशन निर्गमन और गोदाम की स्थिति से जुड़ी अधिकृत जानकारी नहीं मिल सकी। बयान के अनुसार, गोदाम में मौजूद कम्प्यूटर ऑपरेटर जितेन्द्र कुमार ने बताया कि वर्तमान में अगस्त माह का राशन निर्गत किया जा रहा है। जब जुलाई माह के राशन वितरण के संबंध में जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कहा कि इस विषय में केवल एजीएम ही जानकारी दे सकते हैं। जेकेएम का दावा है कि एजीएम से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन बंद मिला। पार्टी ने आरोप लगाया कि इसके बाद जल्दबाजी में एजीएम का प्रभार मेदिनीनगर के एमओ को सौंप दिया गया, जिससे पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।

जेकेएम अध्यक्ष ने अपने बयान में पिछले वर्ष के कथित राशन गबन मामले का भी उल्लेख किया। उनका दावा है कि तत्कालीन जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू के कार्यकाल में नावाबाजार और पड़वा प्रखंड के गोदामों से करीब 15 हजार क्विंटल राशन गायब होने का मामला सामने आया था। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पार्टी ने आंदोलन भी किया था, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बयान में यह भी आरोप लगाया गया कि मामले में उच्चस्तरीय मिलीभगत के कारण कार्रवाई प्रभावित हुई है। साथ ही यह भी दावा किया गया कि जांच प्रक्रिया में निष्पक्षता बरतने के बजाय दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। जेकेएम ने मुख्यमंत्री, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री, पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत तथा जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार से मांग की है कि झारखंड खाद्य निगम के गोदामों की माहवार स्थिति, राशन आवंटन और वितरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।


Featured News