Contact for Advertisement 9919916171


मध्य प्रदेश: बारिश में गड्ढों से बदहाल हुई सड़क, राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Radheshyam Gurjar , Date: 10/07/2026 12:46:23 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Radheshyam Gurjar ,
  • Date:
  • 10/07/2026 12:46:23 pm
Share:

विस्तार

मध्य प्रदेश: बारिश की शुरुआत के साथ ही खंडवा-मुंदी मार्ग की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आ गई है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि यह मार्ग अब सफर के बजाय जोखिम का रास्ता बन चुका है, जबकि सड़क निर्माण को लेकर लंबे समय से केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, खंडवा विधायक कंचन तंवे, मांधाता विधायक नारायण पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभिन्न अवसरों पर सड़क निर्माण की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो सका है। लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण को लेकर गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं तो उसका असर जमीनी स्तर पर दिखाई क्यों नहीं दे रहा।

बताया जा रहा है कि पिछले तीन वर्षों से खंडवा-मुंदी मार्ग की स्थिति लगातार खराब बनी हुई है। इस दौरान सड़क की मरम्मत पर एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाने का दावा किया गया, लेकिन इसके बावजूद सड़क की हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का अभाव रहा और समय-समय पर निरीक्षण नहीं होने के कारण सड़क दोबारा जर्जर हो गई। बरसात के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ गया है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का सबसे अधिक डर बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने और अस्थायी रूप से गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है।

इस मुद्दे पर जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह ने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन दे रहे हैं, जबकि जनता को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस मुंदी से खंडवा तक पदयात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन करेगी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खंडवा-मुंदी मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, इसलिए इसकी मरम्मत और निर्माण में अब और देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
 


Featured News