Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: कड़े लूटने के लिए वृद्धा की हत्या, 6 दिन की जांच के बाद महिला आरोपी गिरफ्तार

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Shahihurehman , Date: 18/06/2026 04:06:57 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Shahihurehman ,
  • Date:
  • 18/06/2026 04:06:57 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: टोंक मेहन्दवास थाना क्षेत्र के ग्राम लवादर में हुई वृद्धा की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।

विस्तार

राजस्थान: टोंक मेहन्दवास थाना क्षेत्र के ग्राम लवादर में हुई वृद्धा की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में रसाल देवी (58) पत्नी आत्माराम वैष्णव , लवादर थाना मेहंदवास को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला ने आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते वृद्धा के चांदी के गहने लूटने की नीयत से हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस  अधीक्षक रतन लाल भार्गव  पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा, 10 थानाधिकारियों, डीएसटी टीम प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी और साइबर सेल की टीमों ने लगातार 6 दिन और 5 रात तक जांच कर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी तथा लूटे गए चांदी के कड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार 11 जून को ग्राम पंचायत लवादर के पीछे कचरा डालने की जगह पर एक वृद्ध महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच में मृतका की पहचान हरबाई पत्नी केसरा गुर्जर (70) निवासी लवादर के रूप में हुई। शव के हाथ-पैर कटे हुए मिले थे, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।


जांच के दौरान पुलिस ने गांववासियों, परिजनों और संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रसाल देवी की नजर मृतका द्वारा पहने जाने वाले चांदी के गहनों पर थी। पुलिस के अनुसार 9 जून को आरोपी ने हरबाई को चाय-पानी के बहाने अपने घर बुलाया और कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद चांदी के कड़े निकालने के लिए मृतका के हाथ-पैर काट दिए। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरी में भरकर ग्राम पंचायत के पीछे कचरा डालने वाली जगह पर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह मामला जिले के सबसे चर्चित ब्लाइंड मर्डर मामलों में शामिल रहा, जिसका पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर खुलासा किया।