-
☰
राजस्थान: टोंक पुलिस का बड़ा एक्शन, 2 करोड़ की साइबर ठगी का गिरोह बेनकाब, 11 ठग गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: टोंक एसपी रोशन मीणा के निर्देशन में टोंक पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।
विस्तार
राजस्थान: टोंक एसपी रोशन मीणा के निर्देशन में टोंक पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। DST टीम और थाना दत्तवास की संयुक्त कार्रवाई में करीब 2 करोड़ रुपए की साइबर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 अंतरराज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम, वाहन, मोबाइल, लैपटॉप और एटीएम कार्ड सहित बड़ी संख्या में सामान बरामद किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी सिम कार्ड, फर्जी बैंक खाते और सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए सुनियोजित तरीके से साइबर ठगी करते थे। NCRP पोर्टल पर आरोपियों के खिलाफ 81 शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस ने आरोपियों से 37,210 रुपए की साइबर ठगी की राशि, दो बोलेरो, एक स्विफ्ट कार और 12 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा आईफोन-17 प्रो, सैमसंग अल्ट्रा सहित एंड्रॉयड मोबाइल, लैपटॉप और चार एटीएम कार्ड भी जब्त किए गए हैं। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और नेटवर्क की जांच जारी है। निवाई में 3.31 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार नशा मुक्त टोंक अभियान के तहत थाना निवाई पुलिस ने अर्जुन नगर, निवाई में कार्रवाई करते हुए नवरत्न वर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 3.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद कर मामला दर्ज किया गया। नशे की सेवन सामग्री के साथ एक गिरफ्तार थाना मेहन्दवास पुलिस ने नशा मुक्त टोंक अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ सेवन सामग्री जब्त की। पुलिस ने मादक पदार्थ सेवन के आरोपी सुदामा सैनी को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया। नकबजनी का आरोपी गिरफ्तार, चांदी के जेवर बरामद थाना निवाई सदर पुलिस ने ग्राम छौरिया में बद्रीलाल मीणा के मकान में हुई नकबजनी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी शंकरलाल मीणा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। मंदिर चोरी का पूरा माल बरामद थाना नासिरदा पुलिस ने मंदिर चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार चांदी का मुकुट, तीन शालिग्राम भगवान की काले पत्थर की प्रतिमाएं, मोतियों की माला, लड्डू गोपालजी की मूर्ति, पीतल की झालर, पीतल की घंटी और ठाकुरजी की पोशाक बरामद की गई। 14 टन अवैध बजरी जब्त, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ थाना टोडारायसिंह पुलिस ने गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा। इनमें करीब 14 टन अवैध बजरी भरी मिली। पुलिस ने बजरी और वाहनों को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है। टोंक पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों से साइबर अपराध, नशे के कारोबार, चोरी और अवैध बजरी परिवहन में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का अनुसंधान और अन्य आरोपियों की धरपकड़ लगातार जारी है।