-
☰
उत्तर प्रदेश: एनसीसी इंटर ग्रुप प्रतियोगिता में समृद्धि यादव ने हासिल किया तीसरा स्थान, डीएवी स्कूल का बढ़ाया गौरव
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: डीएवी फर्टिलाइजर पब्लिक स्कूल, बबराला की छात्रा और एनसीसी कैडेट समृद्धि यादव ने उत्तर प्रदेश निदेशालय एनसीसी की इंटर ग्रुप प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बेस्ट कैडेट वर्ग में तृतीय स्थान हासिल किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: डीएवी फर्टिलाइजर पब्लिक स्कूल, बबराला की छात्रा और एनसीसी कैडेट समृद्धि यादव ने उत्तर प्रदेश निदेशालय एनसीसी की इंटर ग्रुप प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बेस्ट कैडेट वर्ग में तृतीय स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। समृद्धि यादव का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बरेली ग्रुप की ओर से बेस्ट कैडेट के अंतिम चयन शिविर के लिए किया गया था। चयन शिविर में उन्होंने पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ प्रतिभाग किया। विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता और समर्पण का परिचय दिया और प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। समृद्धि की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं और साथी विद्यार्थियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। विद्यालय के चेयरमैन एवं यारा फर्टिलाइज़र फैक्ट्री के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एम.एस. प्रसाद ने समृद्धि को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने समृद्धि के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा लेने और पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन तथा समर्पण के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्राचार्य आनंद स्वरूप सारस्वत ने भी समृद्धि यादव को उनकी सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित होती है। प्राचार्य ने विश्वास जताया कि समृद्धि आगामी चयन शिविर में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगी और अपने विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी। समृद्धि की सफलता को विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक उपलब्धि बताया गया।