Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: पानी की समस्या को लेकर महिलाओं का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Shahihurehman , Date: 23/05/2026 04:54:52 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Shahihurehman ,
  • Date:
  • 23/05/2026 04:54:52 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: टोंक भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से परेशान महिलाओं और स्थानीय लोगों का गुस्सा शुक्रवार सुबह फूट पड़ा।

विस्तार

राजस्थान: टोंक भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से परेशान महिलाओं और स्थानीय लोगों का गुस्सा शुक्रवार सुबह फूट पड़ा। उनियारा शहर की शिव सज्जन कॉलोनी में लंबे समय से चल रही पानी की समस्या को लेकर महिलाओं एवं पुरुषों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-116 पर न्यायालय परिसर के सामने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। करीब आधे घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में लंबे समय से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। जलदाय विभाग की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। महिलाओं का कहना था कि क्षेत्र में लगे हैंडपंपों से भी दूषित और गंदा पानी आ रहा है, जिससे लोगों को मजबूरी में वही पानी उपयोग करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने और अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

महिलाओं ने बताया कि 18 मई को एसडीएम को ज्ञापन देकर पेयजल समस्या के समाधान की मांग की गई थी। उस समय प्रशासन ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन कई दिन गुजरने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इससे नाराज होकर शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष एकत्रित होकर हाईवे पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और जलदाय विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

हाईवे पर जाम लगने से बसों, ट्रकों, निजी वाहनों और दुपहिया चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे। एएसआई रतनलाल मीणा मय जाप्ता घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर समझाइश की। प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी महिलाओं को जल्द समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब 20 से 30 मिनट बाद जाम समाप्त कर दिया गया और यातायात पुनः सुचारू हो सका।

जाम खुलने के बाद जलदाय विभाग के अधिकारी शिव सज्जन कॉलोनी पहुंचे और जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया। बीसलपुर परियोजना के सहायक अभियंता अंकित सैनी ने बताया कि मुख्य पाइपलाइन में किए गए अवैध कनेक्शनों के कारण कॉलोनी तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग अवैध कनेक्शनों की पहचान कर कार्रवाई करेगा और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस में मामला भी दर्ज कराया जाएगा।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।