Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: पुलिस मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी बदमाश हुआ घायल, साथी समेत हुआ गिरफ्तार

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Anil , Date: 13/07/2026 10:49:42 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 13/07/2026 10:49:42 am
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान 15 हजार रुपये के इनामी वांछित बदमाश सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में एक आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि दूसरे को कॉम्बिंग अभियान के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा तथा नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम न्याजूपुरा-चरथावल रोड स्थित काली नदी पुल पर वाहन चेकिंग कर रही थी।

इस दौरान एक बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल मोड़कर कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बारिश के कारण फिसलन भरे रास्ते पर उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे। पुलिस ने आरोपियों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन जब उन्होंने फायरिंग जारी रखी तो पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में समीर उर्फ फौजी पुत्र हनीफ उर्फ लाला, निवासी शीतला नगर, नई आबादी, थाना खतौली घायल हो गया। वहीं दूसरे आरोपी रोहित पुत्र निर्भय सिंह, निवासी ग्राम जीवना, थाना मंसूरपुर (हाल निवासी आनंद विहार, भूड़ चौकी के पास, खतौली) को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार समीर उर्फ फौजी एक वांछित और 15 हजार रुपये का इनामी अपराधी है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कार घोषित किया गया था। दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में नगर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक शशि कपूर, कांस्टेबल नवीन सैनी, सुल्तान और टिंकू शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


Featured News