Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत सहारनपुर में वृक्षारोपण महायज्ञ हुआ आयोजित

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ghanshyam Das , Date: 13/07/2026 11:21:57 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Ghanshyam Das ,
  • Date:
  • 13/07/2026 11:21:57 am
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश सरकार के 'एक पेड़ माँ के नाम' वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत विकास खंड बलियाखेड़ी परिसर में रविवार को भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री ब्रजेश सिंह ने आम का पौधा लगाकर किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों ने भी बड़ी संख्या में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मांगे राम चौधरी, विधायक देवेंद्र निम, नगर विधायक राजीव गुंबर, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, भाजपा पदाधिकारी और प्रभागीय वनाधिकारी चांदनी सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले लोगों और छात्र-छात्राओं को आम के पौधों का भी वितरण किया गया। राज्यमंत्री ब्रजेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के 'एक पेड़ माँ के नाम' आह्वान और मुख्यमंत्री के प्रदेश को हराभरा बनाने के संकल्प को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मां का सर्वोच्च स्थान है, इसलिए हर व्यक्ति अपनी मां को समर्पित एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी उसी स्नेह के साथ करे। उन्होंने पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया।

विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि प्रदेशभर में चल रहे वृक्षारोपण महाअभियान का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मांगे राम चौधरी और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने आंवला, नगर विधायक राजीव गुंबर ने अमरूद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने बकैन तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा ने आम का पौधा रोपित किया। प्रभागीय वनाधिकारी चांदनी सिंह ने सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न स्वरूप गणेश प्रतिमा और पौधे भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संगठनों और अन्य प्रतिभागियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।


Featured News