Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: सोनभद्र में एक सप्ताह में भरेंगे सड़कों के गड्ढे, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Indresh Kumar Pandey , Date: 26/08/2026 12:25:38 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Indresh Kumar Pandey ,
  • Date:
  • 26/08/2026 12:25:38 pm
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सोनभद्र जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों के गड्ढों के कारण यदि कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारी या विभाग की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, नगर पालिका एवं नगर पंचायत तथा जिला पंचायत के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मार्गों पर ज्यादा गड्ढे हैं या जहां दुर्घटना की आशंका अधिक है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों से सड़कवार मरम्मत की प्रगति और लंबित कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा। बैठक में सड़क पर घूमने वाले निराश्रित और आवारा पशुओं का मुद्दा भी उठाया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर ऐसे पशुओं को पकड़ने और नियमानुसार गौशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण, दुर्घटना संभावित स्थानों और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा समिति के निर्देश केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका असर जमीन पर साफ दिखाई देना चाहिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि./रा. वागीश कुमार शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी और एआरटीओ मौजूद रहे।