Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: बारिश बनी मुसीबत, कोरांव में कच्चा मकान ढहा, दहशत में परिवार

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Indresh Kumar Pandey , Date: 26/08/2026 11:45:22 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Indresh Kumar Pandey ,
  • Date:
  • 26/08/2026 11:45:22 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: कोरांव लगातार हो रही बारिश अब गरीब और किसान परिवारों के लिए मुसीबत बनती जा रही है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: कोरांव लगातार हो रही बारिश अब गरीब और किसान परिवारों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। तहसील क्षेत्र के खिवली गांव में बारिश के चलते एक किसान का कच्चा मकान ढह गया, जबकि गोबरी कोटिया कुण्डरी गांव में एक परिवार का जर्जर कच्चा मकान भी कभी भी धराशायी होने की कगार पर है। मकान गिरने के खतरे के बीच दोनों परिवार दहशत में जीवन गुजार रहे हैं।

कच्चा मकान ढहा, परिवार पन्नी के सहारे

ग्राम पंचायत खिवली निवासी किसान सच्चिदानंद मिश्रा पुत्र सूर्य नारायण मिश्रा का कच्चा मकान करीब तीन दिन पहले लगातार बारिश के चलते अचानक ढह गया। मकान का बड़ा हिस्सा गिरने के बाद सच्चिदानंद अपनी पत्नी रचना मिश्रा और दो बच्चों प्रियंस (14) व प्रांशु (15) के साथ टूटे हुए मकान में रहने को मजबूर हैं। मकान का बचा हुआ हिस्सा भी लकड़ी की बल्लियों के सहारे टिका हुआ है, जिससे परिवार पर हर समय मकान के पूरी तरह गिरने का खतरा मंडरा रहा है। बारिश से बचने के लिए परिवार प्लास्टिक की पन्नी का सहारा ले रहा है। किसान सच्चिदानंद मिश्रा ने बताया कि किसानी से ही परिवार का भरण-पोषण होता है। वह सरकारी आवास योजना के पात्र हैं, लेकिन अभी तक उन्हें आवास का लाभ नहीं मिल सका। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

जर्जर मकान की दीवारों में पड़ी दरारें

इसी तरह ग्राम पंचायत गोबरी कोटिया कुण्डरी में सुनीता देवी पत्नी राजेश्वरी प्रसाद का कच्चा मकान भी बारिश के कारण बेहद जर्जर हो गया है। मकान की कच्ची दीवारों में जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं और इनके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है। बारिश का पानी घर के अंदर भर जाने से परिवार की परेशानी और बढ़ गई है। परिवार लगातार डर के साये में रहने को मजबूर है।

मौके पर पहुंचे राजस्व व विकास विभाग के अधिकारी

खिवली में मकान गिरने की जानकारी मिलने पर हल्का लेखपाल गुलाम मोहम्मद, प्रदीप कुमार सिंह तथा ग्राम विकास अधिकारी सत्येंद्र पाण्डेय और संदीप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण कर परिवार की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक जानकारी दर्ज की। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता, राहत सामग्री और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के बीच जर्जर मकानों में रहना बेहद जोखिम भरा है। यदि समय रहते प्रशासन ने कदम नहीं उठाया तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

जरूरतमंदों को राहत कोष से मिलेगी सहायता

उपजिलाधिकारी कोरांव ठाकुर प्रसाद ने बताया कि बारिश से प्रभावित सभी लोगों का लेखपालों के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण कराया जा रहा है। जरूरतमंद परिवारों को नियमानुसार राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जिन लोगों के कच्चे मकान बारिश में गिर गए हैं, उन्हें भी सरकार की योजना के तहत पक्का मकान दिलाने की कार्यवाही की जाएगी।