Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत प्रमुख सचिव व महापौर ने किया पौधारोपण

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ghanshyam Das , Date: 13/07/2026 11:26:01 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Ghanshyam Das ,
  • Date:
  • 13/07/2026 11:26:01 am
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश सरकार के ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के तहत रविवार को नगर निगम के पद्मश्री कन्हैयालाल मिश्र प्रभाकर उद्यान में ‘एक पौधा मां के नाम’ और ‘एक पौधा गुरु के नाम’ अभियान के साथ वृक्षारोपण महाअभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव कृषि एवं कृषि रक्षा रविन्द्र और महापौर डॉ. अजय कुमार ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव रविन्द्र ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय असंतुलन गंभीर चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों और पशुओं से मानव जीवन का गहरा संबंध है तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षों के साथ हमारे भावनात्मक और जिम्मेदार रिश्ते का मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण के साथ उनका संरक्षण भी जरूरी है।

महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि सहारनपुर को कार्बन न्यूट्रल बनाने के उद्देश्य से गूलर, जामुन और शहतूत जैसे फलदार वृक्षों के रोपण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पशु-पक्षियों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2030 तक पौधारोपण में 15 प्रतिशत वृद्धि का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसे सहारनपुर पहले ही प्राप्त कर चुका है। उद्यान प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत प्रभाकर उद्यान में करीब 10 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों, पार्षदों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव, अपर नगरायुक्त एवं वरिष्ठ उद्यान प्रभारी मृत्युंजय, उपसभापति मयंक गर्ग, क्षेत्रीय पार्षद गौरव जैन, डीएफओ विपुल सिंघल, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप कुमार, सहायक नगरायुक्त जे.पी. यादव, विकास धर दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान कर सभी से पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की गई।


Featured News