Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: भ्रष्टाचारियों पर कसेगा शिकंजा, 140 संदिग्ध अधिकारियों की सूची हुई तैयार

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 23/07/2026 11:01:14 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 23/07/2026 11:01:14 am
Share:

विस्तार

हरियाणा: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज करने का फैसला किया है। ब्यूरो प्रमुख अरशिंदर सिंह चावला ने पंचकूला स्थित मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और 140 ऐसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पहचान कर सूची तैयार की गई है, जिनके खिलाफ लगातार रिश्वत लेने की शिकायतें मिल रही हैं। बैठक में सभी रेंजों के पुलिस अधीक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भ्रष्टाचार विरोधी अभियानों की समीक्षा की गई और भविष्य की रणनीति तय की गई। श्री चावला ने कहा कि तैयार की गई सूची किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाने के लिए नहीं, बल्कि आम जनता को राहत दिलाने और सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से बनाई गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि उनके पास अन्य संदिग्ध अधिकारियों की जानकारी है तो एक सप्ताह के भीतर सूची अपडेट कर मुख्यालय भेजी जाए।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में शिकायतकर्ता सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा, गोपनीयता और सम्मान सुनिश्चित करना ब्यूरो की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतकर्ताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखें और ट्रैप कार्रवाई से लेकर न्यायालय में दोषियों को सजा दिलाने तक हर स्तर पर उनका सहयोग करें। बैठक में बताया गया कि जनवरी 2022 से जून 2026 तक ब्यूरो ने 92 सफल ट्रैप और रेड की हैं, जिनमें कई भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। चावला ने कहा कि प्रत्येक सफल कार्रवाई जनता का कानून पर विश्वास मजबूत करती है और भ्रष्टाचार करने वालों में भय पैदा करती है। ब्यूरो प्रमुख ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्रवाई के दौरान आरोपी का पद, प्रभाव या पहचान नहीं देखी जाएगी। कानून की नजर में सभी समान हैं और भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी प्रशासन स्थापित करने की है।

ट्रैप कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और हाई-टेक उपकरणों के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-180-2022 और 1064 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग बिना डर के शिकायत दर्ज करा सकें। बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वर्ण और रजत पदकों के साथ प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। श्री चावला ने कहा कि ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों का सम्मान भविष्य में भी जारी रहेगा, ताकि पूरी टीम भ्रष्टाचार के खिलाफ और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सके। उन्होंने अंत में कहा कि जनता का विश्वास ही ब्यूरो की सबसे बड़ी ताकत है और हरियाणा में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं होगा।
 


Featured News