Contact for Advertisement 9919916171


झारखण्ड: पुरानी रंजिश को लेकर हुई हत्या, 24 घंटे में मुख्य आरोपी हुआ गिरफ्तार

- Photo by : social media

झारखण्ड  Published by: Arun Kumar Ravi , Date: 28/07/2026 05:21:07 pm Share:
  • झारखण्ड
  • Published by: Arun Kumar Ravi ,
  • Date:
  • 28/07/2026 05:21:07 pm
Share:

विस्तार

झारखण्ड: पलामू जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के मधुबाना गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बलुआ भी बरामद किया है। मंगलवार को छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रशांत कुमार ने प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। एसडीपीओ ने बताया कि सोमवार, 27 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे वीर कुंवर स्थान स्थित बरगद के पेड़ के पास प्रभुनाथ रजवार (50) पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल प्रभुनाथ को परिजन छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के भाई श्याम लाल रजवार के लिखित आवेदन पर पिपरा थाना में कांड संख्या 41/26 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना और त्वरित छापेमारी के आधार पर आरोपी रमेश सिंह उर्फ मोरा सिंह, निवासी मधुबाना को पड़वा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान हुए विवाद और गाली-गलौज की घटना के बाद से वह प्रभुनाथ रजवार से रंजिश रखता था। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते उसने धारदार हथियार से हमला किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बलुआ भी बरामद कर लिया। एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पलामू पुलिस अपराध नियंत्रण को लेकर गंभीर है और गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाने का काम लगातार किया जा रहा है।