Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: आजाद चौक पर चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापित करने की मांग हुई तेज, विधायक को सौंपा ज्ञापन

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Pramod Kumar Bansal , Date: 23/07/2026 11:20:47 am Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Pramod Kumar Bansal ,
  • Date:
  • 23/07/2026 11:20:47 am
Share:

विस्तार

राजस्थान: महान क्रांतिकारी पंडित चंद्रशेखर आजाद की आदमकद प्रतिमा को ऐतिहासिक आजाद चौक पर स्थापित करने की मांग को लेकर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने विधायक हंसराज पटेल को ज्ञापन सौंपा। शिष्टमंडल ने चौक के ऐतिहासिक महत्व का हवाला देते हुए जल्द से जल्द प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सामाजिक कार्यकर्ता रतनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रबुद्ध नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल विधायक निवास पर आयोजित जनसुनवाई में पहुंचा और मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान वर्ष 1930 में क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद ब्रिटिश पुलिस से बचते हुए संत के वेश में कोटपूतली पहुंचे थे। उस समय गंगा चौक के नाम से प्रसिद्ध इस स्थान पर उन्होंने युवाओं को स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया था। बाद में इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में इस चौक का नाम चंद्रशेखर आजाद चौक रखा गया, जो आज भी सरकारी अभिलेखों में दर्ज है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आजाद चौक पिछले 100 वर्षों से अधिक समय से शहर की राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। इस स्थल पर स्वामी विवेकानंद, पूर्व गृह मंत्री बाबू जगजीवन राम, पूर्व मुख्यमंत्री मोहनलाल सुखाड़िया और पंडित हरिदेव जोशी जैसी कई प्रमुख हस्तियों का आगमन भी हो चुका है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्ष 2023 में चौक के चौड़ीकरण के दौरान तत्कालीन गृह राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह यादव ने यहां चंद्रशेखर आजाद की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने की सार्वजनिक घोषणा की थी, लेकिन अब तक यह घोषणा अमल में नहीं आ सकी है। क्षेत्रवासी लंबे समय से इस घोषणा को पूरा करने की मांग कर रहे हैं।

सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि आजाद चौक पर चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापित होने से युवाओं को देशभक्ति, साहस, राष्ट्र सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने इसे केवल एक प्रतिमा स्थापना नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के महानायक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन एडवोकेट महेंद्र कुमार सैनी, भाजपा युवा नेता शशि मित्तल, पूर्व पार्षद रामचंद्र सैनी, दीपक कुमार, प्रवीण शर्मा, एडवोकेट हेतराम गुर्जर, रमेश कुमार, कपिल शर्मा, शुभम सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
 


Featured News