Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, भारी मात्रा में मिठाइयां हुई जब्त

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Pramod Kumar Bansal , Date: 05/11/2026 10:36:50 am Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Pramod Kumar Bansal ,
  • Date:
  • 05/11/2026 10:36:50 am
Share:

संक्षेप

राजस्थान: कोटपूतली बहरोड़ त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को बहरोड़ में बड़ी कार्रवाई की।

विस्तार

राजस्थान: कोटपूतली बहरोड़ त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को बहरोड़ में बड़ी कार्रवाई की। एडीएम सोहन सिंह नरूका के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न मावा निर्माण इकाइयों और मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रथम दृष्टया संदिग्ध एवं दूषित पाए गए खाद्य पदार्थों को सीज करने के साथ बड़ी मात्रा में सामग्री नष्ट करवाई गई। साथ ही विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग तथा जिला प्रशासन के निर्देशन में सबसे पहले मेसर्स सांवरिया मिल्क फूड्स का निरीक्षण किया गया। यहां से गुलाब जामुन, रसगुल्ला, मिक्स्ड मिल्क, क्रीम और मिल्क केक के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान मिलावट की आशंका के चलते करीब 510 किलोग्राम गुलाब जामुन एवं रसगुल्ले तथा 200 किलोग्राम क्रीम सीज की गई। इसके अलावा सिंथेटिक रंग से तैयार लगभग 10 किलोग्राम रसगुल्ले और रिफाइंड तेल, ग्लूकोज, मिल्क पाउडर, सूजी एवं मैदा से निर्मित 80 किलोग्राम मिल्क केक नष्ट करवाया गया। टीम ने मौके पर करीब 550 लीटर दूषित दूध और 50 किलोग्राम दूषित क्रीम भी नष्ट करवाई।

इसी क्रम में टीम ने मेसर्स कृष्णा रसगुल्ला भंडार का निरीक्षण किया। यहां से राजभोग का नमूना लिया गया। जांच के दौरान करीब 65 लीटर दूषित दूध और सिंथेटिक रंग से तैयार 65 किलोग्राम रसगुल्ले नष्ट करवाए गए।

निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों और स्वच्छता व्यवस्था में कमियां मिलने पर सुधार के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए। संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा एवं नेहा शर्मा की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई के दौरान लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि दीपावली सहित अन्य त्योहारों पर मिठाइयां खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, शुद्धता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।