Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: ग्राम पंचायत में समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने दिया धरना, आश्वासन के बाद होगा खत्म

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Shahihurehman , Date: 29/05/2026 04:49:17 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Shahihurehman ,
  • Date:
  • 29/05/2026 04:49:17 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: पीपलू की ग्राम पंचायत सोहेला में विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

विस्तार

राजस्थान: पीपलू की ग्राम पंचायत सोहेला में विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीण पंचायत परिसर में धरने पर बैठ गए और मनरेगा कार्य शुरू करवाने, पेयजल व्यवस्था सुधारने, रोड लाइट चालू करवाने तथा बंदरों के आतंक से राहत दिलाने की मांग की। करीब दो घंटे चले धरने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में पिछले करीब दो वर्षों से मनरेगा कार्य बंद पड़े हैं, जिससे मजदूरों को रोजगार नहीं मिल रहा। वहीं बीसलपुर पेयजल योजना के कनेक्शन बंद होने से पेयजल संकट गहराया हुआ है। गांव की कई रोड लाइटें भी करीब दो माह से बंद पड़ी हैं। धरने की सूचना पर पीपलू सहायक विकास अधिकारी हेमराज सोलंकी, सत्यनारायण पारीक, कानाराम चौधरी, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता गिरधारी सिंह राजावत, ग्राम विकास अधिकारी विकास मीणा, एलडीसी दीपिका शर्मा तथा पूर्व सरपंच रामदास बेरवा मौके पर पहुंचे। 

अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। वार्ता के दौरान मनरेगा में जल्द मस्टरोल जारी कर रोजगार उपलब्ध करवाने, बीसलपुर पेयजल प्वाइंट बढ़ाने, खेल मैदान की साफ-सफाई करवाने तथा जनता जल योजना को बनास नदी से जोड़ने पर सहमति बनी। साथ ही गर्मी को देखते हुए गांव में टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने का आश्वासन भी दिया गया। ग्रामीण रामकिशन गुर्जर, कालूराम गोरा, हरिओम चौबदार और हेमराज बाज्या ने कहा कि गांव में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए घर-घर नल कनेक्शन जरूरी हैं। धरने के दौरान राजेश चौधरी, हंसराज गुर्जर, सुरेश चौधरी, संजय गुर्जर, रफीक मंसूरी, लड्डू लाल बेरवा, बुधराम जाट, वार्ड पंच रतनलाल सेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।