-
☰
उत्तर प्रदेश: मंडलायुक्त ने अस्पतालों को आभा आधारित पंजीकरण बढ़ाने के दिए निर्देश, छह अस्पतालों को किया गया सम्मानित
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर शहर के अंबाला रोड स्थित सभागार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य अधिकारियों, सरकारी और निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं, आभा नंबर और मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यशाला में राज्य स्तरीय प्रशिक्षक ओमप्रकाश ने मिशन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आभा नंबर, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, स्कैन एंड शेयर और हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (एचपीआर) के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने पर जोर दे रही हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने सभी अस्पतालों को आभा आधारित पंजीकरण की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने आभा (ABHA), हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (HPR) और हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR) को मिशन के तीन प्रमुख स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि क्यूआर कोड स्कैन करके ओपीडी में पंजीकरण की प्रक्रिया आसान बनाई जा सकती है। इससे मरीजों को सुविधाजनक और सुरक्षित डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी तथा वे अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रख सकेंगे। इस अवसर पर मंडलायुक्त ने चार सरकारी और दो निजी अस्पतालों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं, अपर निदेशक डॉ. लोकेश गुप्ता ने अस्पताल प्रभारियों के साथ शंका समाधान सत्र आयोजित किया। उन्होंने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों से आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर सिंह कक्कड़ ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप एबीडीएम के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल स्वरूप प्रदान करना आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. सूर्य प्रकाश गंगवार ने किया। कार्यशाला में एसीएमओ डॉ. धर्मवीर सिंह, प्रमुख अधीक्षक डॉ. रवि प्रकाश, आईएमए से डॉ. डी.के. गुप्ता, डॉ. अनुपम मलिक, डॉ. विकास अग्रवाल, डॉ. जयपाल चन्द्र और डॉ. संजय यादव सहित विभिन्न ब्लॉकों के चिकित्सा अधीक्षक तथा आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध निजी अस्पतालों के चिकित्सक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मध्य प्रदेश: शादी का झांसा देकर शोषण करने के आरोप में आरोपी हुआ गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश: समय सीमा में सेवाएं नहीं देने वाले पंचायत सचिवों पर लगेगा 500 रुपये जुर्माना
उत्तर प्रदेश: मुर्धवा मोड़ पर मारपीट के आरोप में तीन युवक हुए गिरफ्तार, चार वारंटी भी पकड़े गए
गुजरात: बिना लाइसेंस पटाखे रखने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 500 डिब्बी बम-पटाखे किए बरामद