-
☰
असम: गुवाहाटी के होटल में हुई गोलीबारी, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, दो मासूम बच्चों ने खोए माता-पिता
- Photo by : social media
विस्तार
असम: गुवाहाटी के उलुबाड़ी इलाके में स्थित होटल विलास इन में 26 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे हुई गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में होटल की मालिक हेलेना भराली, उनके बेटे देवर्षि कश्यप, बहू रिनिकी भराली और फुचका विक्रेता नारायण दास शामिल हैं। घटना में घायल होटल के ड्राइवर सत्येन पाठक का गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में इलाज चल रहा है। इस घटना में देवर्षि कश्यप और रिनिकी भराली के दो छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं। परिवार के चार सदस्यों की मौत से बच्चों के सामने भविष्य को लेकर गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। घटना के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गोलीबारी के दौरान नारायण दास हेलेना भराली को बचाने के लिए आगे आए थे। इसी दौरान वह भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में घायल अन्य लोगों को भी अस्पताल पहुंचाया गया था। मामले में मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घटना के पीछे होटल के किराए को लेकर विवाद होने की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि घनकांत गोगोई ने करीब एक साल पहले होटल विलास इन को पट्टे पर लिया था। पट्टे का समझौता 26 अक्टूबर 2026 को समाप्त होना था। इसी दौरान होटल के किराए को लेकर मालिक पक्ष और आरोपी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। इस वारदात ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, जबकि दो मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।