-
☰
छत्तीसगढ़: नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, यात्री परिवहन करते मिले दो निजी वाहन हुए जब्त
- Photo by : social media
विस्तार
छत्तीसगढ़: जिले में यातायात नियमों और परिवहन संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर दो निजी वाहनों को जब्त किया गया, जबकि दो अन्य वाहनों से कुल 2,800 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। जिला परिवहन अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम ने हाईटेक बस स्टैंड, राष्ट्रीय राजमार्ग और विश्रामपुर क्षेत्र के आसपास वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान कुल 13 बसों की जांच की गई। इसमें एक यात्री वाहन का प्रदूषण प्रमाण पत्र वैध नहीं पाया गया। इस पर मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए 800 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। जांच के दौरान एक अन्य यात्री वाहन में भूसा परिवहन किया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित वाहन से 2,000 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा दो जीप/कमांडर वाहन निजी श्रेणी में पंजीकृत होने के बावजूद यात्रियों का परिवहन करते पाए गए। इस पर परिवहन विभाग ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और उनकी सुरक्षा के लिए थाना विश्रामपुर के सुपुर्द कर दिया। प्रशासन की संयुक्त टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने और सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की समझाइश भी दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों के विरुद्ध वाहन संचालन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।