Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: सोनभद्र के 1.68 लाख किसानों को मिली किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Indresh Kumar Pandey , Date: 30/10/2026 05:09:18 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Indresh Kumar Pandey ,
  • Date:
  • 30/10/2026 05:09:18 pm
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सोनभद्र प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के किसानों के बैंक खातों में 24वीं किस्त की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की। इस किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी गई। इस अवसर पर सोनभद्र जिले में भी कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया गया। जिला, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर एलईडी टीवी, कंप्यूटर तथा मोबाइल के माध्यम से किसानों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखा। मंगुराही स्थित उप कृषि निदेशक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

उप कृषि निदेशक राज कुमार ने बताया कि जिले के कुल 1,68,645 किसानों के बैंक खातों में किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त हस्तांतरित की गई है। कार्यक्रम की शुरुआत उप कृषि निदेशक ने मुख्य अतिथि राधिका पटेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ की। इसके बाद उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान उप कृषि निदेशक राज कुमार और जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के लिए निर्धारित पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से बताया। मुख्य अतिथि राधिका पटेल ने किसानों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेकर किसान कृषि उत्पादन बढ़ाने और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। इस मौके पर भूपेंद्र कुमार सिंह, शुभम सिंह, धर्मेंद्र कुमार, मंदीप कुमार, संतोष कुमार, शिव कुमार, संजय सिंह सहित कृषि विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।