Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: परिषदीय शिक्षकों की 17 सूत्रीय मांगों को लेकर BSA को सौंपा गया ज्ञापन, समस्याओं के शीघ्र समाधान की हुई मांग

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Shrawan , Date: 28/07/2026 11:31:31 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Shrawan ,
  • Date:
  • 28/07/2026 11:31:31 am
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: लखनऊ परिषदीय शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को 17 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में शिक्षकों की प्रशासनिक, वित्तीय और सेवा संबंधी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई। ज्ञापन में प्रमुख रूप से प्रभारी प्रधानाध्यापकों को माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार प्रधानाध्यापक पद के सापेक्ष वेतन एवं लंबित एरियर का भुगतान किए जाने की मांग शामिल रही। इसके अलावा चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान से जुड़े मामलों का जल्द निस्तारण, पारदर्शी एवं नियमों के अनुसार शिक्षक समायोजन, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने और शासकीय कार्यों के लंबित मानदेय का भुगतान करने की मांग उठाई गई।

शिक्षक संगठन ने मध्याह्न भोजन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और शिक्षण कार्य के अनुकूल बनाने, मानव संपदा एवं यू-डायस जैसे ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी समस्याओं का समाधान करने और ई-सर्विस बुक में दर्ज त्रुटियों को दूर करने की भी मांग रखी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि परिषदीय शिक्षक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षकों की सेवा संबंधी और प्रशासनिक समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाता है तो उनका मनोबल बढ़ेगा और विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान जिला मंत्री वृजेश कुमार मौर्य, जिला संयुक्त मंत्री मोहम्मद रियाज, ब्लॉक अध्यक्ष काकोरी मुकेश अवस्थी, ब्लॉक मंत्री काकोरी अंकुर कश्यप, ब्लॉक मंत्री मॉल रिंकू रावत, ब्लॉक कोषाध्यक्ष मलिहाबाद भीम सिंह सहित सुशील कुमार, अरुण कुमार, नीलम और बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
 


Featured News