-
☰
हरियाणा: डिजिटल मीडिया चैनलों पर रोक के विरोध में पत्रकारों का प्रदर्शन, प्रशासन ने दिया आश्वासन
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हांसी में डिजिटल मीडिया के कई चैनलों पर लगे प्रतिबंध के विरोध में श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा के नेतृत्व में पत्रकारों ने प्रशासन के समक्ष आवाज बुलंद की।
विस्तार
हरियाणा: हांसी में डिजिटल मीडिया के कई चैनलों पर लगे प्रतिबंध के विरोध में श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा के नेतृत्व में पत्रकारों ने प्रशासन के समक्ष आवाज बुलंद की। पत्रकारों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बंद किए गए डिजिटल चैनलों को दोबारा शुरू कराने की मांग की। इस संबंध में जानकारी देते हुए श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने बताया कि कुछ दिन पहले अज्ञात कारणों के चलते बिना किसी पूर्व सूचना के हांसी क्षेत्र के 20 से अधिक डिजिटल मीडिया चैनलों को बंद कर दिया गया था। इससे डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया और उनके परिवारों को भी मानसिक एवं सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को देखते हुए श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया और प्रभावित पत्रकारों के समर्थन में आगे आया। डॉ. इंदु बंसल के निर्देश पर संघ की हांसी जिला इकाई अध्यक्ष सुनीता बामल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में डिजिटल मीडिया पत्रकारों ने जिला उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल के नाम सीटीएम हिमांशु चौहान को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पत्रकारों ने बंद किए गए चैनलों को जल्द बहाल करने और भविष्य में बिना सूचना ऐसी कार्रवाई न किए जाने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार को आवश्यक निर्देश जारी किए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की हांसी इकाई अध्यक्ष सुनीता बामल को अपने कार्यालय बुलाकर मामले पर चर्चा की और आश्वासन दिया कि सभी डिजिटल चैनलों को जल्द शुरू करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की कि डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों की आजीविका और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया आज सूचना प्रसारण का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है और इससे जुड़े पत्रकारों को बिना वजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए। इस अवसर पर महासचिव विजय सैनी, संरक्षक अजय शर्मा, संजय, सतबीर चहल, जसवंत सिंह, अमन कुमार, विजय, अमित कुमार, रविंदर चहल, अमित डाटा, लखन, मनदीप बिठमड़ा, नरेंद्र मलिक, दिनेश, राम मेहर, रामनिवास, अनिल गहलोत, देवांश, कुलविंदर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।