-
☰
हरियाणा: नशा मुक्त भारत अभियान के तहत स्कूली बच्चों को किया गया जागरूक, दिलाई गई नशा विरोधी शपथ
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: करनाल जिला पुलिस करनाल की ओर से युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए नशा मुक्त भारत अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नशा मुक्ति टीम ने गोल्डन पब्लिक स्कूल, वार्ड नंबर-3, सेक्टर-6 में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक जगमाल सिंह ने किया। इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की शुरुआत अक्सर गलत संगति या छोटी-छोटी गलत आदतों से होती है, जो आगे चलकर व्यक्ति और उसके परिवार के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को अच्छे मित्रों का चयन करने, सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा शिक्षा और खेलकूद पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार के नशे के प्रलोभन से बचने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशा विरोधी शपथ भी दिलाई गई। पुलिस टीम ने कहा कि युवा वर्ग समाज को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। विद्यार्थियों से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। जिला पुलिस करनाल ने आमजन से अपील की कि नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। नशे से संबंधित सूचना MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर भी दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाती है। पुलिस ने बताया कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता अभियान के साथ-साथ नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी लगातार जारी है।