-
☰
उत्तर प्रदेश: रिटायर्ड दरोगा के घर करोड़ों के जेवरात चोरी होने का हुआ खुलासा, मुठभेड़ में आरोपी समेत दो लोग गिरफ्तार
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मुजफ्फरनगर बुढ़ाना थाना क्षेत्र में सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक के घर से करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बुढ़ाना थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हुआ, जबकि कार्रवाई में एक उपनिरीक्षक भी घायल हुए हैं। पुलिस ने चोरी का लगभग पूरा सामान बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को देशपाल सिंह निवासी कस्बा बुढ़ाना ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि परिवार के साथ बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर कीमती सामान, जेवरात और नकदी चोरी कर ली। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया।31 अगस्त की रात बुढ़ाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम मंदवाड़ा रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे बाइक लेकर भागने लगे। पीछा करने के दौरान बाइक फिसल गई और दोनों आरोपी ईंख के खेत में घुस गए। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें उपनिरीक्षक सूर्यप्रताप घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में शहजाद गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी शहनवाज को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 745 ग्राम सोने के आभूषण और 2 किलो 240 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए। इसके अलावा .32 बोर की अवैध पिस्टल, कारतूस, .315 बोर का तमंचा, सब्बल और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक भी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहजाद और शहनवाज निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर दिन में फेरी लगाने के दौरान बंद मकानों की रेकी करने और रात में चोरी करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने तीन दिन तक घर की रेकी करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों ने चोरी के जेवर मंदवाड़ा रोड स्थित एक खेत में छिपा दिए थे, जिन्हें बाद में बरामद कर लिया गया। पुलिस ने घायल आरोपी और उपनिरीक्षक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।