-
☰
उत्तर प्रदेश: रामपुर मनिहारान के नवागत कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार ने संभाला कार्यभार, अपराधियों को दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: रामपुर मनिहारान नवागत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद मंगलवार को स्थानीय पत्रकारों के साथ परिचय एवं संवाद बैठक की। कोतवाली परिसर में आयोजित बैठक में पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय एवं नियमित संवाद बनाए रखने को लेकर चर्चा हुई। बताया गया कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अन्य पुलिस ड्यूटी में व्यस्तता के चलते नवागत प्रभारी निरीक्षक की पत्रकारों से औपचारिक मुलाकात नहीं हो सकी थी। मंगलवार को आयोजित बैठक में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया और क्षेत्र से जुड़ी सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा पुलिस-पत्रकार समन्वय को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। पत्रकारों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की बात कही। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी कि क्षेत्र की कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता नगर और ग्रामीण क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि गौकशी, अवैध नशे के कारोबार, जुआ-सट्टा और महिलाओं के प्रति अपराध जैसी गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के प्रति पुलिस सख्त रुख अपनाएगी। वहीं पुलिस प्रशासन का सहयोग करने वाले जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों को पूरा सम्मान दिया जाएगा। कोतवाली प्रभारी ने गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों से संदिग्ध गतिविधियों या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने बताया कि सूचना स्थानीय पुलिस अथवा हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी जा सकती है और सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। बैठक में नवागत कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार सहित स्थानीय पत्रकार मौजूद रहे।