Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: उपस्वास्थ्य केन्द्र की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया, निर्माण का रास्ता हुआ साफ

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Shahihurehman , Date: 15/05/2026 03:36:49 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Shahihurehman ,
  • Date:
  • 15/05/2026 03:36:49 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: उनियारा उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रूपपुरा के ग्राम रमजानगंज में लंबे समय से लंबित उपस्वास्थ्य केन्द्र निर्माण का रास्ता आखिरकार साफ हो गया। 

विस्तार

राजस्थान: उनियारा उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रूपपुरा के ग्राम रमजानगंज में लंबे समय से लंबित उपस्वास्थ्य केन्द्र निर्माण का रास्ता आखिरकार साफ हो गया। प्रशासन ने उपस्वास्थ्य केन्द्र के लिए आवंटित भूमि से अतिक्रमण हटाकर स्वास्थ्य विभाग को भूमि सुपुर्द कर दी है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब क्षेत्र में जल्द ही उपस्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ग्राम रमजानगंज में उपस्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण के लिए पहले ही बजट स्वीकृत हो चुका था, लेकिन भूमि पर ग्रामीणों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा था। मामला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद उपखंड अधिकारी उनियारा पूजा मीणा ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उपखंड अधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार उनियारा के आदेशों से गठित राजस्व दल मौके पर पहुंचा और भूमि का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। राजस्व दल प्रभारी एवं भू-अभिलेख निरीक्षक पवनेश जोशी ने बताया कि टीम ने पहले ग्रामीणों को समझाइश दी और उपस्वास्थ्य केन्द्र के महत्व से अवगत कराया। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से अतिक्रमण हटवाया गया।

कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग की टीम ने भूमि की पैमाइश कर उपस्वास्थ्य केन्द्र के लिए निर्धारित क्षेत्र को पूरी तरह खाली करवाया। इस दौरान पटवारी कोशल कुमार, गगन यादव एवं बुधराज सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्रवाई पूर्ण होने के बाद संबंधित भूमि स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि को सुपुर्द कर दी गई। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि उपस्वास्थ्य केन्द्र बनने से गांव एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। वर्तमान में ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उपस्वास्थ्य केन्द्र शुरू होने से गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को विशेष लाभ मिलेगा तथा ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर क्षेत्र को स्वास्थ्य सुविधा की बड़ी सौगात मिलेगी।