Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: भीनमाल दौरे पर आईजी का संदेश, नशे के खिलाफ समाज और पुलिस आएगें साथ 

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Ashoke Bhandari , Date: 14/05/2026 11:39:01 am Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Ashoke Bhandari ,
  • Date:
  • 14/05/2026 11:39:01 am
Share:

संक्षेप

राजस्थान: भीनमाल मुकेश सोलंकी राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बुधवार को भीनमाल दौरे के दौरान नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अब नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

विस्तार

राजस्थान: भीनमाल मुकेश सोलंकी राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बुधवार को भीनमाल दौरे के दौरान नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अब नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा, “आप हमें नशेड़ियों और नशा बेचने वालों की सूचना दें, हम आपको नशा मुक्त समाज देंगे।

वार्षिक निरीक्षण के तहत भीनमाल पहुंचे आईजी विकास कुमार का पुलिस थाना परिसर में जवानों द्वारा सलामी देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नरेश अग्रवाल के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने आईजी तथा जालोर एसपी शैलेन्द्रसिंह इंदौलिया का साफा और माला पहनाकर स्वागत किया।

थाने का निरीक्षण, व्यवस्थाओं की समीक्षा


आईजी ने वृताधिकारी कार्यालय और भीनमाल पुलिस थाने का गहन निरीक्षण किया तथा पौधारोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान स्वागत कक्ष, महिला डेस्क, वायरलेस संदेश प्रणाली, अनुसंधान कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, मालखाना, रिकॉर्ड रूम एवं जब्त वाहनों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से नशा तस्करी की रोकथाम पर लगातार कार्रवाई करने तथा युवाओं को नशे से बचाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

खाकी की गरिमा बनाए रखना प्राथमिकता


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी विकास कुमार ने कहा कि पुलिस की वर्दी की गरिमा बनाए रखना हर अधिकारी और जवान की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही नशा मुक्त राजस्थान का सपना साकार हो सकता है। नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।

छह माह में 700 करोड़ की नशीली सामग्री जब्त


आईजी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा छह माह पूर्व गठित एएनटीएफ को नशे के विरुद्ध विशेष अभियान की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने करीब 700 करोड़ रुपये की नशीली सामग्री जब्त कर 250 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि त्वरित धन कमाने की चाह में कुछ लोग युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहे हैं, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

ऑपरेशन ‘लक्ष्मण रेखा’ की शुरुआत


उन्होंने जानकारी दी कि जालोर जिले से “ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा” शुरू किया गया है, जिसके तहत स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान एवं विश्वविद्यालयों के 500 मीटर क्षेत्र में नशीली सामग्री की बिक्री और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। विद्यार्थियों की शिकायतें गोपनीय रूप से प्राप्त करने के लिए शिक्षण संस्थानों में लेटर बॉक्स भी लगाए जाएंगे।

मर्द मर्दानी योजना से महिलाओं को सम्मान


आईजी ने बताया कि विभाग द्वारा “मर्द मर्दानी योजना” शुरू की गई है, जिसके अंतर्गत उन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अपने परिवार के सदस्य को नशे की लत से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

सामाजिक कुरीतियों पर जताई चिंता


उन्होंने शादी समारोहों में अफीम मनुहार जैसी परंपराओं पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों में नशे पर होने वाला खर्च सामाजिक रूप से गलत संदेश देता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी सूचनाएं मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। जालोर एसपी शैलेन्द्रसिंह इंदौलिया ने युवाओं से सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की अपील करते हुए नशामुक्त राजस्थान निर्माण में जनभागीदारी पर जोर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भी नशाखोरी रोकने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए। निरीक्षण के दौरान एक अनुशासनात्मक घटना भी सामने आई जब संतरी वायरलेस संदेश नोट करने के लिए पेन लाना भूल गया, जिस पर आईजी ने कार्य में सतर्कता बरतने की सीख दी। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर नशा मुक्त समाज निर्माण का संकल्प लिया।