-
☰
उत्तर प्रदेश: गुटखा मांगने को लेकर चली गई गोली, सूरजपुर पुलिस ने आरोपी को लाइसेंसी पिस्टल समेत किया गिरफ्तार
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सूरजपुर थाना क्षेत्र में गुटखा मांगने को लेकर हुए विवाद के दौरान पड़ोसी पर फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और .32 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस आरोपी के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कराने की भी वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को आरोपी सुरेंद्र तोंगड़ अपने पड़ोसी उदय प्रताप गुर्जर 52 की दुकान पर पहुंचा था। गुटखा मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उदय प्रताप पर फायर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि घायल के आंतरिक अंग सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य तथा खतरे से बाहर है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सूरजपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3/4 अगस्त की रात दादरी-रूपबास बाईपास के पास से आरोपी सुरेंद्र तोंगड़ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेंद्र तोंगड़ 43 पुत्र स्वर्गीय राम सिंह तोंगड़, निवासी ग्राम खेड़ी, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में मु.अ.सं. 439/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि उसके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।