-
☰
उत्तर प्रदेश: यूपी की 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा, सरकार ने बजट में किए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सरकार ने वरिष्ठ महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए राज्य परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। इस योजना के संचालन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार द्वारा किए गए इस प्रावधान के तहत उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) को महिलाओं की मुफ्त यात्रा के एवज में भुगतान किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश की वरिष्ठ महिलाओं को यात्रा के दौरान आर्थिक राहत प्रदान करना और उनकी सुविधा सुनिश्चित करना है। परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह ने कहा कि इस पहल से प्रदेश की लाखों वरिष्ठ महिलाओं को धार्मिक, सामाजिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों के लिए यात्रा करना पहले की तुलना में अधिक आसान और सुलभ होगा। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का मानना है कि इस योजना से बुजुर्ग महिलाओं पर यात्रा का आर्थिक बोझ कम होगा और वे बिना किसी अतिरिक्त खर्च के आवश्यक कार्यों के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आसानी से आवागमन कर सकेंगी। इसके लिए प्रथम अनुपूरक बजट में 100 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है।