Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: राखी के धागे ने मजबूत किया पुलिस और जनता के बीच विश्वास, थाना प्रभारी की कलाई पर बंधी राखियां

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ghanshyam Das , Date: 29/08/2026 01:35:57 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Ghanshyam Das ,
  • Date:
  • 29/08/2026 01:35:57 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: सहारनपुर रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सहारनपुर के थाना मंडी परिसर में भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सामाजिक सद्भाव की अनूठी मिसाल देखने को मिली।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सहारनपुर रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सहारनपुर के थाना मंडी परिसर में भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सामाजिक सद्भाव की अनूठी मिसाल देखने को मिली। थाना मंडी क्षेत्र की रहने वाली शबनम, रुखसाना, बेबी जुबेरी और रेखा ने थाना कार्यालय पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। बताया गया कि इन महिलाओं और बालिकाओं का पूर्व में अपनी अलग-अलग समस्याओं को लेकर पुलिस से संपर्क हुआ था। उनकी समस्याओं को थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा ने गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर से समाधान कराया था। पुलिस की ओर से मिले सहयोग और संवेदनशील व्यवहार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर थाना पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को राखी बांधी।

इसी क्रम में थाना मंडी क्षेत्र निवासी नौशाद, जो विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं, की पुत्री रूबी शाह भी थाना कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान थाना परिसर में सौहार्द और अपनत्व का माहौल देखने को मिला। रक्षाबंधन के इस अवसर ने पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास एवं सम्मान की भावना को और मजबूत किया। महिलाओं और बालिकाओं ने पुलिस द्वारा उनकी समस्याओं के समाधान में किए गए सहयोग को सराहा। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने भी इस आत्मीय पहल को सामाजिक सद्भाव और जनविश्वास का प्रतीक बताया।

इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना और उनका समाधान करना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सहारनपुर पुलिस की इस पहल से सुरक्षा के साथ-साथ संवेदनशीलता, विश्वास और भाईचारे की भावना को भी मजबूती मिली। रक्षाबंधन पर थाने में बंधी इन राखियों ने पुलिस और आमजन के बीच मजबूत होते रिश्ते की तस्वीर पेश की।