Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: सीतापुर में लगातार बारिश से जलभराव, नैमिषारण्य का चक्रतीर्थ भी पानी में डूबा

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Shrawan , Date: 02/09/2026 06:06:18 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Shrawan ,
  • Date:
  • 02/09/2026 06:06:18 pm
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सीतापुर जिले में मंगलवार की मध्यरात्रि से शुरू हुई बारिश बुधवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रही। लगातार बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों और गलियों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण लोगों की सामान्य दिनचर्या भी प्रभावित रही। सुबह कामकाज के लिए घरों से निकले लोग बारिश से बचने के लिए छाता लेकर जाते नजर आए। लगातार बारिश के चलते जिले के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया। जिन स्थानों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है, वहां भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कई जगह सड़कों पर पानी भरने से वाहनों और राहगीरों की आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं, तीर्थ नगरी नैमिषारण्य में भी लगातार बारिश का असर देखने को मिला। यहां प्रसिद्ध चक्रतीर्थ और उसका परिसर बारिश के पानी से जलमग्न हो गया। चक्रतीर्थ की सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया। इसके अलावा श्रद्धालुओं और पुजारियों के बैठने के लिए बनाई गई तख्त वाली जगह पर भी करीब एक फीट तक पानी भर गया।

चक्रतीर्थ परिसर में जलभराव के कारण श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना करने और परिसर में आवागमन करने में काफी परेशानी हुई। खराब मौसम और लगातार बारिश के चलते सामान्य दिनों की तुलना में नैमिषारण्य पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी कमी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिले में करीब 71 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यालयों को बुधवार को भी बंद रखा गया। इससे बच्चों को जलभराव और खराब मौसम के बीच स्कूल जाने से राहत मिली। प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।