-
☰
गुजरात: हनुमान मंदिर में चोरी का हुआ खुलासा, 9.65 लाख रुपये का माल हुआ बरामद; दो आरोपी हुए गिरफ्तार
- Photo by :
संक्षेप
गुजरात: वाव-थराद जिला पुलिस की आगथला थाना पुलिस ने राजस्थान के सांचौर थाना क्षेत्र के गोलासन गांव स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
गुजरात: वाव-थराद जिला पुलिस की आगथला थाना पुलिस ने राजस्थान के सांचौर थाना क्षेत्र के गोलासन गांव स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का 9.65 लाख रुपये से अधिक मूल्य का मुद्दामाल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बनासकांठा-पालनपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक परीक्षित राठौड़ तथा वाव-थराद जिला पुलिस अधीक्षक चिंतन तेरैया के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में आगथला थाना पुलिस निरीक्षक एम.बी. राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान हेड कांस्टेबल भरतभाई केशाभाई को गुप्त सूचना मिली कि कमोडा गांव निवासी भावेशभाई गेमराजी ठाकोर अपने एक साथी के साथ चोरी का माल बेचने के लिए मोटरसाइकिल से निकलने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कमोडा-डेका रोड पर निगरानी रखी और पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान भावेशभाई गेमराजी ठाकोर निवासी कमोडा तथा जीवणजी प्रवीणजी ठाकोर निवासी लालपुर, तहसील लाखणी के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके पास से चांदी के मुकुट, छोटे-बड़े चांदी के छत्र और अन्य धार्मिक सामग्री बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 9 जून 2026 की रात अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर राजस्थान के गोलासन गांव स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की थी। इस संबंध में सांचौर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है। सर्राफा व्यापारी की मौजूदगी में बरामद सामान का सत्यापन और वजन कराया गया, जिसमें 3.904 किलोग्राम चांदी के आभूषण एवं धार्मिक सामग्री, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन सहित कुल 9,65,728 रुपये का मुद्दामाल बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई के लिए राजस्थान के सांचौर पुलिस थाने को सूचना दे दी गई है। पुलिस अन्य फरार आरोपी की तलाश में भी जुटी हुई है।
गुजरात: किसानों ने हाईटेंशन लाइन के पोल उपजाऊ भूमि की बजाय सरकारी जमीन पर लगाने की उठाई मांग
हरियाणा: मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित
राजस्थान: अधिवक्ताओं की कलमबंद हड़ताल पांचवें दिन भी रहा जारी
राजस्थान: भूख हड़ताल पर रहे अधिवक्ता, चोरी की घटना का जल्द खुलासा किये जाने की मांग