-
☰
हरियाणा: मानसून को लेकर झज्जर प्रशासन अलर्ट, जलभराव से निपटने के लिए डीसी ने दिए सख्त निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: झज्जर मानसून के दौरान संभावित जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए झज्जर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
विस्तार
हरियाणा: झज्जर मानसून के दौरान संभावित जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए झज्जर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को उपायुक्त (डीसी) वर्षा खांगवाल ने एडीसी जगनिवास, नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीसी ने स्पष्ट कहा कि बारिश के बाद किसी भी सड़क या गली में लंबे समय तक जलभराव नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अंबेडकर चौक सहित जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में पहले से पंप, मशीनरी और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ते ही तत्काल पानी निकासी की जा सके। प्रशासन के अनुसार झज्जर, बेरी, बहादुरगढ़ और बादली के एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। संयुक्त टीमें भी संवेदनशील स्थानों का नियमित निरीक्षण कर रही हैं, जिससे किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके। भविष्य में स्थायी समाधान और बेहतर आपदा प्रबंधन के लिए डीसी ने जलभराव की प्रत्येक घटना का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसमें जलभराव का स्थान, स्थिति और पानी निकालने में लगे समय का पूरा विवरण दर्ज किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए लघु सचिवालय, झज्जर में 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। जलभराव या किसी भी मानसून संबंधी समस्या की सूचना नागरिक हेल्पलाइन नंबर 01251-254270 पर दे सकते हैं। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।