Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: पुलिस का होली मिलन समारोह, एसपी ने जवानों को दी शुभकामनाएं

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Ritesh , Date: 05/03/2026 03:29:58 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Ritesh ,
  • Date:
  • 05/03/2026 03:29:58 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: सिरसा एसपी दीपक सहारन, के आवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।

विस्तार

हरियाणा: सिरसा एसपी दीपक सहारन, के आवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी जवानों को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डीजे व ढोल की धुन पर अधिकारियों एवं जवानों ने एक-दूसरे के साथ रंगों के इस पावन पर्व का आनंद लिया और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में एएसपी फैसल खान, प्रशिक्षु आईपीएस शिवम यादव, डीसीपी संजीव बल्हारा सहित जिला के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण पूरी तरह उत्साह, उमंग और पारिवारिक सौहार्द से ओत-प्रोत रहा। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने इस अवसर पर सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों व आमजन को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस प्रकार होली को रंगों का त्योहार कहा जाता है, उसी प्रकार यह पर्व सभी के जीवन में उन्नति, सफलता, समृद्धि और खुशहाली के विविध रंग लेकर आए। उन्होंने कहा कि त्योहार हमें आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देते हैं तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

उन्होंने जिला के समस्त नागरिकों को भी होली की बधाई देते हुए अपील की कि सभी लोग इस पावन पर्व को शालीनता, सादगी और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि होली के अवसर पर जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं अलर्ट मोड पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से ड्राइविंग करने तथा हुड़दंगबाजी कर शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।