Contact for Advertisement 9919916171


झारखण्ड: नगर अध्यक्ष ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ, वर्षा जल संचयन पर दिया जोर

- Photo by : SOCIAL MEDIA

झारखण्ड  Published by: Arun Kumar Ravi , Date: 11/07/2026 04:41:15 pm Share:
  • झारखण्ड
  • Published by: Arun Kumar Ravi ,
  • Date:
  • 11/07/2026 04:41:15 pm
Share:

विस्तार

झारखण्ड: भीषण जल संकट से जूझ रहे छतरपुर को जल-सुरक्षित बनाने की दिशा में नगर पंचायत ने भारत सरकार के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के 'कैच द रेन' अभियान के तहत जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता ने जनप्रतिनिधियों, नगरकर्मियों एवं सफाईकर्मियों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता ने कहा कि "वर्षा की एक-एक बूंद हमारे भविष्य की अमूल्य पूंजी है। छतरपुर हर वर्ष गंभीर जल संकट का सामना करता है। ऐसे में अब समय आ गया है कि प्रत्येक नागरिक जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझे और अपने घरों, संस्थानों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था सुनिश्चित करे। यदि आज हमने पानी बचाने की आदत नहीं अपनाई, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट झेलना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। वर्षा जल का अधिकतम संग्रह कर भूजल स्तर को बढ़ाया जा सकता है, जिससे भविष्य में पेयजल संकट को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। नगर उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव ने कहा कि जल संरक्षण एक जनभागीदारी का अभियान है। जब तक आम लोग इसमें सक्रिय रूप से भागीदारी नहीं निभाएंगे, तब तक इस अभियान का उद्देश्य पूरी तरह सफल नहीं हो सकता। उन्होंने सभी नागरिकों से जल बचाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

कार्यपालक पदाधिकारी फैज़ूर रहमान अंसारी ने बताया कि अगले 30 दिनों तक नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत वर्षा जल संचयन संरचनाओं की पहचान एवं पुनर्जीवीकरण, जल संवाद कार्यक्रम, जनजागरूकता रैली, विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां, वार्ड स्तर पर बैठकें तथा सार्वजनिक स्थलों पर जल संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही लोगों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने जल की प्रत्येक बूंद को बचाने, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।

नगर पंचायत की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घरों की छतों से वर्षा जल संग्रहण की व्यवस्था करें, पानी का अनावश्यक दुरुपयोग रोकें और जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव, कार्यपालक पदाधिकारी फैज़ूर रहमान अंसारी, सिटी मैनेजर मुर्तजा अंसारी, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि दीपक कुमार, सभी वार्ड सुपरवाइजर, नगरकर्मी एवं सफाईकर्मी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।C