Contact for Advertisement 9919916171


 मध्य प्रदेश: बिठली स्वास्थ्य केंद्र में बढ़ेंगी सुविधाएं, मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने दिए निर्देश

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Ashok Mahule , Date: 22/08/2026 04:13:26 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Ashok Mahule ,
  • Date:
  • 22/08/2026 04:13:26 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: बालाघाट शासन के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने शुक्रवार को बालाघाट जिले के बिठली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।

विस्तार

मध्य प्रदेश: बालाघाट शासन के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने शुक्रवार को बालाघाट जिले के बिठली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती बच्चों और अन्य मरीजों का हालचाल जाना तथा उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार की जानकारी ली। मंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मरीजों के उपचार और अन्य आवश्यकताओं के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान मंत्री डॉ. शाह ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में बेड की संख्या बढ़ाने और ईसीजी मशीन उपलब्ध कराने को कहा, ताकि क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

बैगा क्षेत्रों में घर-घर होगा स्वास्थ्य सर्वे

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र के सभी गांवों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वे कराया जाए। विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करते हुए बीमार बच्चों को आवश्यक उपचार और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया। बच्चों को विटामिन-ए की खुराक देने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और मैदानी कर्मचारियों को गांवों में लगातार निगरानी रखने तथा बीमारी के लक्षण मिलने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा बैगा जनजाति के लोगों के लिए आने वाले दिनों में मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम बुलाकर बड़ा स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को कहा। शिविर में ग्रामीणों और बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच तथा आवश्यक उपचार और परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सड़क और बिजली की मांग पर दिया आश्वासन

निरीक्षण के दौरान बिठली की सरपंच ने मंत्री के सामने बिठली से हर्रानाला, आमानाला और चुक्का टोला तक सड़क निर्माण तथा दुगलई गांव में बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर मंत्री डॉ. शाह ने आश्वासन दिया कि कोई भी बैगा गांव बिजली से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण की मांग पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सांसद श्रीमती भारती पारधी, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य भगतसिंह नेताम, कलेक्टर कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा, एसडीएम अर्पित गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग का अमला मौजूद रहा।