-
☰
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र में नव नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को बांटे गए नियुक्ति पत्र
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी सहायिकाओं के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सोनभद्र के पंचायत रिसोर्स सेंटर, विकास भवन में किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी सहायिकाओं के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सोनभद्र के पंचायत रिसोर्स सेंटर, विकास भवन में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में नव चयनित सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय को 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं के मानदेय को 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया गया है। राज्य मंत्री ने यह भी बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को स्वास्थ्य संबंधी सुविधा देने के लिए 5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की व्यवस्था किए जाने की घोषणा की गई है। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की पहल भी की जा रही है, जिससे विभागीय कार्यों में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ेगा और योजनाओं की निगरानी एवं क्रियान्वयन में सुविधा होगी। सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि मानदेय में वृद्धि और स्वास्थ्य सुविधाओं से आंगनबाड़ी कर्मियों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने स्मार्टफोन सुविधा को विभागीय कार्यों को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में उपयोगी कदम बताया। वहीं जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से केंद्रों पर आने वाले बच्चों की बेहतर देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को पोषण, टीकाकरण और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समय से मिलना चाहिए। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर सुविधाओं से लैस करने और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल और नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने भी आंगनबाड़ी कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता माताओं और बच्चों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अहम कड़ी हैं। इस दौरान नव नियुक्त सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र के साथ लाभार्थियों को बेबी किट भी वितरित की गई। बच्चों के पोषण को ध्यान में रखते हुए उनकी माताओं को सहजन के पौधे भी दिए गए, ताकि परिवारों को पौष्टिक आहार का अतिरिक्त विकल्प मिल सके। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह ने अतिथियों, अधिकारियों और उपस्थित आंगनबाड़ी कर्मियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन ऋचा ओझा ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।