-
☰
हरियाणा: आधुनिक और जाम मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम, 6-लेन सड़क सहित कई परियोजनाओं को मिली मंजूरी
- Photo by : SOCIAL MEDIA
विस्तार
हरियाणा: शहर की बढ़ती यातायात समस्या को दूर करने और हिसार को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शुक्रवार को आयोजित विशेष समिति की पांचवीं बैठक में शहर की कई प्रमुख सड़क एवं यातायात परियोजनाओं की समीक्षा की गई और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने की, जबकि पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, विधायक सावित्री जिंदल, महापौर प्रवीण पोपली सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय लक्ष्मी बाई चौक से टाऊन पार्क तक सड़क को छह लेन बनाने का रहा। इस परियोजना को 3008.56 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक पर यातायात काफी सुगम हो जाएगा। इसके अलावा डाबड़ा चौक, लघु सचिवालय के सामने राजगढ़ रोड चौक, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के सिटी गेट तथा तुलसी चौक पर स्लिप रोड निर्माण कार्यों को भी गति देने के निर्देश दिए गए। सुशीला भवन के समीप स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास स्लिप रोड का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिससे आसपास के क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है। बैठक में बस अड्डे के सामने बने पुराने फुटओवर ब्रिज को हटाने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए टेंडर खुल चुका है और जल्द ही पुल हटाने का कार्य शुरू होगा। वहीं बीकानेर चौक पर पुराने पुल के पुनर्निर्माण तथा रेड स्क्वेयर मार्केट में प्रस्तावित अंडरपास के लिए रेलवे अधिकारियों को परियोजना की त्रिआयामी (3डी) प्रस्तुति तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर की अन्य आधारभूत परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। बालसमंद डिस्ट्रीब्यूटरी पर पुल निर्माण और कैमरी रोड को साउथर्न बाईपास से जोड़ने के लिए सड़क चौड़ीकरण का टेंडर जारी हो चुका है। सेक्टर-27 प्रवेश मार्ग पर अंडरपास निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही जिंदल चौक, 9/11 चौक और तोशाम रोड आईटीआई चौक पर रोटरी निर्माण तथा सिरसा रोड से सिविल अस्पताल तक सड़क को छह लेन बनाने की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सिरसा और दिल्ली चुंगी प्रवेश मार्गों पर फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों से कहा कि जिन परियोजनाओं के टेंडर जारी हो चुके हैं, उनका निर्माण कार्य अगली समीक्षा बैठक से पहले हर हाल में शुरू होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार का लक्ष्य हिसार को बेहतर यातायात व्यवस्था, आधुनिक बुनियादी ढांचे और सुगम आवागमन वाला शहर बनाना है।
गुजरात: खराब सड़क से आवागमन हुआ प्रभावित, प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की करी अपील
झारखण्ड: नगर अध्यक्ष ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ, वर्षा जल संचयन पर दिया जोर
गुजरात: राजकोट के शापर-वेरावल में गंदगी से बीमारी का खतरा, जनता ने उठाई आवाज
उत्तर प्रदेश: पुलिस का अपराधियों पर कड़ा शिकंजा, 19 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर नाजिम हुआ गिरफ्तार
गुजरात: समेजा थेबा समाज का स्नेह मिलन आज, एकता और संगठन को मिलेगी नई मजबूती