-
☰
हरियाणा: CCTV और तकनीकी जांच से खुला राज, हिसार पुलिस ने वाहन चोर को दबोचा
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हिसार जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत अर्बन एस्टेट चौकी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
हरियाणा: हिसार जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत अर्बन एस्टेट चौकी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ पहले से नशा तस्करी से जुड़े एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि 3 अगस्त 2026 को सुभाष नगर निवासी वीरेंद्र कुमार ने अपने घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आदमपुर क्षेत्र के गांव चूली कलां निवासी कुलदीप उर्फ घोलू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर शिकायतकर्ता की चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। गहन पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने जिला सिरसा के थाना सदर क्षेत्र स्थित डेरा सच्चा सौदा के आसपास से भी दो अन्य मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने कुल तीन चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत नशा तस्करी का मामला दर्ज है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है या नहीं। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस वाहन चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।