Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के विरोध में महापड़ाव तीसरे दिन भी जारी, 1297वें दिन पहुँचा अनिश्चितकालीन धरना

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Pramod Kumar Bansal , Date: 29/06/2026 01:57:51 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Pramod Kumar Bansal ,
  • Date:
  • 29/06/2026 01:57:51 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: कोटपूतली अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के खिलाफ जोधपुरा संघर्ष समिति द्वारा जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर चल रहा महापड़ाव शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी बदस्तुर जारी रहा।

विस्तार

राजस्थान: कोटपूतली अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के खिलाफ जोधपुरा संघर्ष समिति द्वारा जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर चल रहा महापड़ाव शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी बदस्तुर जारी रहा। वहीं अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के विरोध में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को 1297 वें दिन में प्रवेश कर गया। महापड़ाव में समिति की 05 महिलायें शीला देवी, भावना देवी, कृपा देवी, ललिता देवी एवं संतोष देवी क्रमिक अनशन पर बैठीं। धरनार्थियों ने कहा कि जिला कलक्टर स्वयं महिला होने के बावजूद तपती धूप में बैठी महिलाओं और बच्चों की पीड़ा को अनदेखा कर रही हैं। इसके बावजूद आंदोलनकारियों का हौंसला और संकल्प लगातार मजबूत होता जा रहा है। समिति के सचिव कैलाश यादव ने बताया कि जब गाँव स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो मजबूर होकर 25 जून से जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर महापड़ाव शुरू करना पड़ा। धरने में शामिल महिलाओं व बच्चों ने संकल्प दोहराया कि एनजीटी के आदेशों की पालना होने तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। महापड़ाव के संयोजक राधेश्याम शुक्लावास ने आरोप लगाया कि एनजीटी द्वारा अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के संबंध में दिए गए आदेशों की पालना में हो रही देरी से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है और प्रशासन को इस संबंध में शीघ्र कार्यवाही करनी चाहिये। उन्होंने कहा कि क्रमिक अनशन 24-24 घंटे की अवधि में अलग-अलग समूहों द्वारा जारी रखा जायेगा, ताकि आंदोलन निरंतर चलता रहे। 

राजनैतिक व सामाजिक संगठनों ने दिया समर्थन : महापड़ाव को समर्थन देने के लिये कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंद्राज गुर्जर धरना स्थल पर पहुँचे। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामनिवास यादव, प्रदेश कांग्रेस सचिव जगदीश मीणा, आदीवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष जगदीश मीणा, पूर्व चेयरमैन प्रकाश चन्द सैनी भी मौजूद रहें। जिलाध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर ने संघर्ष समिति की मांगों को न्यायोचित बताते हुये हरसंभव सहयोग का आष्वासन दिया। गुर्जर ने कहा कि क्षेत्र में ब्लास्टिंग, धूल व धुऐं के कारण लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है तथा आमजन का जीवन कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर यदि लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण की अनदेखी होती है, तो यह स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन से एनजीटी के आदेशों की शीघ्र पालना सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान धरणार्थियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर को ज्ञापन भी सौंपा। इसी प्रकार डॉ. अम्बेडकर विचार मंच अध्यक्ष जगदीश मेघवाल व मेघवाल विकास समिति अध्यक्ष मदनलाल वर्मा ने भी धरणार्थियों को समर्थन दिया।