-
☰
गुजरात: पाली में मावा भंडार के गोदाम पर खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई, 500 किलो से अधिक संदिग्ध मावा हुआ जब्त
- Photo by : social media
विस्तार
गुजरात: पाली दीपावली के त्योहार को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने पाली शहर के केशव नगर स्थित चौधरी मावा भंडार के गोदाम पर जांच की। नकली मावा होने की सूचना और मिलावट की आशंका के आधार पर की गई इस कार्रवाई में 500 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध मावा जब्त किया गया। गोदाम में विभिन्न प्रकार की मिठाइयां भी मिलीं। सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा टीम ने गोदाम में रखी खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया। त्योहार के दौरान मावा और उससे बनी मिठाइयों की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच की। टीम ने संदिग्ध मावे को जब्त कर उसकी गुणवत्ता और संभावित मिलावट से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू की है। विभाग के अनुसार, खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर परीक्षण कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल संदिग्ध मावे में मिलावट की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप सिंह यादव और डॉ. गोवर्धन प्रजापत भी मौजूद रहे। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने आमजन से अपील की कि मावा, मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, स्वच्छता और विश्वसनीयता का ध्यान रखें। किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट का संदेह होने पर संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।