-
☰
हरियाणा: हिसार पुलिस की अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 142 आरोपी हुए गिरफ्तार
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हिसार पुलिस ने अवैध हथियार रखने, उनकी तस्करी करने और इनके जरिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जनवरी 2026 से अब तक अवैध हथियारों से संबंधित मामलों में 142 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 99 मामले दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 39 अवैध पिस्तौल, 27 देशी कट्टे, 3 रिवॉल्वर, 5 गन, 162 जिंदा कारतूस, 16 चाकू और 8 मैगजीन बरामद की गई हैं। पुलिस अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और इनके इस्तेमाल से होने वाली आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। हिसार पुलिस अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किए गए और जमानत पर बाहर आए आरोपियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रख रही है। पुलिस की टीमें ऐसे आरोपियों के घर जाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटा रही हैं। इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आरोपी दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल न हों। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियारों के जरिए भय का माहौल बनाने और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त या उनके इस्तेमाल से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।