Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: रिहंद जलाशय में मिला कई दिनों से लापता 22 वर्षीय युवक का मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Indresh Kumar Pandey , Date: 29/10/2026 11:41:12 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Indresh Kumar Pandey ,
  • Date:
  • 29/10/2026 11:41:12 am
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सोनभद्र रेणुकूट के पिपरी थाना क्षेत्र में रिहंद जलाशय से बुधवार, 28 अक्टूबर को कई दिनों से लापता 22 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मुरलीगढ़ वार्ड नंबर-4 निवासी प्रीतम विश्वकर्मा पुत्र अजय विश्वकर्मा के रूप में हुई है। शव असनहर गांव के पास जलाशय में उतराता मिला। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रीतम किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी समय तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन और परिचितों से पूछताछ के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पिपरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 23 अक्टूबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की थी। बुधवार को असनहर गांव के पास रिहंद जलाशय में एक युवक का शव उतराता दिखाई देने की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पिपरी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पहचान की प्रक्रिया के बाद शव प्रीतम विश्वकर्मा का होने की पुष्टि हुई। मौके पर उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, पूर्व सभासद अजीत गुप्ता उर्फ मंटू समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रीतम का शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कई दिनों से उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे परिवार को इस खबर से गहरा सदमा पहुंचा। मुरलीगढ़ वार्ड और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों का पता चल सकेगा।