-
☰
हरियाणा: इंस्टाकार्ट कंपनी में मोबाइल चोरी का आरोपी गिरफ्तार, निशानदेही पर दो फोन बरामद
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: झज्जर पुलिस कमिश्नरेट झज्जर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर झज्जर की पुलिस चौकी दुलीना ने मोबाइल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
हरियाणा: झज्जर पुलिस कमिश्नरेट झज्जर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर झज्जर की पुलिस चौकी दुलीना ने मोबाइल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामला इंस्टाकार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, याकूबपुर में मोबाइल फोन चोरी से जुड़ा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश निवासी जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश, जो वर्तमान में फरुखनगर, जिला गुरुग्राम में किराये पर रह रहा था, के रूप में हुई है। पुलिस चौकी दुलीना के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर मोबाइल फोन चोरी का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच मुख्य सिपाही धर्मेंद्र कुमार को सौंपी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए। पुलिस के मुताबिक, रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी से पूछताछ की प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।