-
☰
उत्तर प्रदेश: मोबाइल के लिए दबाया मां का गला, फिर बिहार भागी 11 साल की बच्ची
- Photo by : SOCIAL MEDIA
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मोबाइल फोन की बढ़ती लत बच्चों के व्यवहार और परिवार पर किस तरह असर डाल सकती है, इसका हैरान करने वाला मामला तिवारीपुर क्षेत्र से सामने आया है। यहां 11 वर्षीय छात्रा ने मोबाइल फोन न मिलने पर कथित तौर पर अपनी मां का गला दबाने का प्रयास किया। इसके अगले ही दिन वह घर से निकलकर बिहार पहुंच गई। परिवार की सूचना के बाद पुलिस ने करीब 72 घंटे की तलाश के बाद बच्ची को बिहार में रहने वाले रिश्तेदार के घर से बरामद कर लिया। तिवारीपुर क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाली महिला मूल रूप से बिहार के गोपालगंज की रहने वाली हैं। उनके पति सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। महिला के एक बेटा और एक बेटी है, जो शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। बेटा कक्षा नौ और बेटी कक्षा छह की छात्रा है। परिवार के मुताबिक, 3 अगस्त की रात करीब 11 बजे बच्ची ने मोबाइल फोन मांगा था। मां ने देर रात होने और पढ़ाई का हवाला देते हुए मोबाइल देने से मना कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर बच्ची ने मां का गला दबाने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को बचाया। इसके बाद पड़ोसियों और मकान मालिक ने बच्ची को समझाया, जिसके बाद वह शांत हो गई। हालांकि, वह लगातार घर छोड़कर जाने की बात कह रही थी। अगले दिन 4 अगस्त की शाम करीब 5 बजे बच्ची चुपचाप घर से निकल गई। उसके पास एक छोटा काले रंग का बैग था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद तिवारीपुर थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई। मां ने पुलिस को बताया कि घर से निकलने से पहले बच्ची ने मोबाइल फोन से किसी से बातचीत की थी। ट्रू-कॉलर पर एक युवक का नाम दिखाई दिया था। परिवार ने बच्ची की एक सहपाठी और उससे जुड़े कुछ लड़कों के संपर्क की भी जांच करने की बात पुलिस से कही। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल से मिले इनपुट और रिश्तेदारों से मिली जानकारी के आधार पर बच्ची की तलाश शुरू की। करीब 72 घंटे बाद पुलिस ने उसे बिहार में रहने वाले रिश्तेदार के घर से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस अब बच्ची के घर से निकलने की वजह, मोबाइल पर हुई बातचीत और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।